उत्तर प्रदेश के गोंडा स्थित नंदिनी नगर स्टेडियम में आयोजित नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट के दौरान भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उन्हें जानबूझकर प्रतियोगिता से दूर रखने की कोशिश की जा रही है और लगातार विवादों में उलझाया जा रहा है।
मीडिया से बातचीत में विनेश फोगाट काफी नाराज और भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि संन्यास से वापसी के लिए उन्होंने सभी जरूरी नियम पूरे किए हैं और पहले नोटिस का जवाब भी जमा कर दिया है। इसके बावजूद उन्हें बार-बार नई प्रक्रियाओं और सवालों में उलझाया जा रहा है।
मीटिंग को लेकर विनेश ने कहा कि अधिकारी “पॉलिटिकली करेक्ट” बनने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनसे 14 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया। इस पर उन्होंने सवाल उठाया कि बिना सबूत देखे उन्हें पहले से दोषी कैसे माना जा सकता है।
विनेश फोगाट ने कहा, “मैंने उनसे साफ कहा कि सीधे-सीधे बोल दो कि आप मुझे मुकाबला नहीं करने देना चाहते। आप चाहते हैं कि मैं इन सब चीज़ों से थक जाऊँ और आखिरकार कह दूँ कि मैं कुश्ती से संन्यास लेना चाहती हूँ।”
उन्होंने दावा किया कि उनके पास अंतरराष्ट्रीय संस्था UWW से जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं और वह उन्हें तुरंत दिखाने के लिए तैयार थीं। लेकिन अधिकारियों ने कथित तौर पर दस्तावेज देखने से इनकार कर दिया और कहा कि पहले 14 दिन वाला जवाब आने के बाद ही कमेटी फैसला करेगी।
विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर विवादों और प्रक्रियाओं में फंसाया जा रहा है ताकि उन पर मानसिक दबाव बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि वह दोबारा मैट पर वापसी करना चाहती हैं, लेकिन कुछ लोग नहीं चाहते कि वह फिर से कुश्ती लड़ें।





