धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। भखारा थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान खिलेंद्र दिवाकर के रूप में हुई है, जो हंचलपुर गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि आज सुबह खिलेंद्र मॉर्निंग वॉक पर निकला था। इस टक्कर में खिलेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को पहले भखारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने कहा, “आज सुबह भखारा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और खिलेंद्र दिवाकर को प्राथमिक उपचार के लिए भखारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरु कर दी गई है।”
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरु कर दी गई है।





