रायपुर में बढ़ते जल संकट को लेकर कांग्रेस नेताओं और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पानी की समस्या से परेशान लोगों ने नगर निगम जोन-8 कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध गुढ़ियारी, अशोक नगर और बजरंग चौक समेत कई इलाकों में लंबे समय से जारी पानी की किल्लत को लेकर किया गया।
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 19, दुर्गा चौक, बजरंग चौक, बड़ा अशोक नगर और आसपास की बस्तियों में बीते कई दिनों से हालात खराब बने हुए हैं। लोगों को पीने के पानी के लिए करीब एक किलोमीटर दूर तक जाना पड़ रहा है। कई बोरिंग खराब हो चुके हैं और टैंकर की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री सुबोध हरितवाल ने कहा, “पानी जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में लोगों में भारी आक्रोश है।” उन्होंने आरोप लगाया, “नगर निगम प्रशासन इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहा है और केवल कागजी कार्रवाई या फोटो के जरिए स्थिति को सामान्य दिखाने की कोशिश की जा रही है।”
उन्होंने यह भी कहा, “जनता से पानी के लिए टैक्स तो वसूला जा रहा है, लेकिन बदले में उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा।”
वहीं नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा, “पानी की कमी का सीधा असर लोगों के रोजगार पर पड़ रहा है। लोगों को दिनभर पानी का इंतजार करना पड़ता है, जिससे वे काम पर नहीं जा पा रहे हैं।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे पिछले एक महीने से पानी की समस्या झेल रहे हैं। टैंकर समय पर नहीं पहुंचते और कई बार सभी तक पानी नहीं मिल पाता। इससे रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।





