कटनी जिले के खमरिया गांव में बिजली विभाग ने भारी बकाया बिल के चलते पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बंद कर दी है। करीब 80 लाख रुपये का बिल लंबित होने के कारण यह कार्रवाई की गई, जिससे ग्रामीणों को पानी सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, ढीमरखेड़ा तहसील के खमरिया गांव में बिजली कटने के बाद हालात बिगड़ गए हैं। ग्रामीण आरोप लगा रहे हैं कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण नल जल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। गर्मी के कारण हैंडपंप और कुएं सूख चुके हैं, जिससे लोगों को मजबूरी में तालाब का गंदा पानी पीना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने इस समस्या का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है और जनप्रतिनिधियों को भी इसकी जानकारी दी है।
इस मामले में बिजली विभाग के जेई जीवन दिलदार डाबर ने बताया कि गांव पर 80 लाख रुपये का बकाया है और समाधान योजना के तहत लोगों को बिल जमा करने के लिए समझाया जा रहा है। उन्होंने कहा, नहीं तो विभागीय नियमों के अनुसार, “जब तक आधा बिल जमा नहीं होगा गांव की बिजली चालू नहीं की जाएगी।”
वहीं, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह को भी मामले की जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों से चर्चा की गई है और आज ही बिजली बहाल करने का आश्वासन मिला है। साथ ही गांव में शिविर लगाकर बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।





