छत्तीसगढ़

Leopard Attack: गरियाबंद में 3 साल की बच्ची पर तेंदुए का हमला, मां और ग्रामीणों ने बचाई जान

गरियाबंद जिले में तेंदुए के हमले से एक बार फिर लोगों में डर का माहौल बन गया है। कोटरीछापर गांव में घर के बाहर खेल रही 3 साल की बच्ची पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया और उसे उठाकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन मां और ग्रामीणों की सतर्कता से उसकी जान बच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने घर के आंगन के बाहर खेल रही थी, तभी तेंदुए ने अचानक झपट्टा मार दिया। जैसे ही तेंदुआ बच्ची को लेकर जाने लगा, उसकी मां ने शोर मचाया। आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और हिम्मत दिखाते हुए बच्ची को तेंदुए के चंगुल से छुड़ा लिया।

हमले में बच्ची के गर्दन और पैर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। विभाग ने पीड़ित परिवार को तत्काल 1,000 रुपये की सहायता राशि दी है और आसपास के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।

बताया जा रहा है कि यह इलाके में तेंदुए के हमले की पहली घटना नहीं है। करीब दो महीने पहले भी एक बुजुर्ग पर तेंदुए ने हमला किया था, जिसके बाद से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts