जगदलपुर में भारत रत्न और क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के आगमन से पूरे बस्तर संभाग में उत्साह का माहौल है। बुधवार दोपहर दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा, एसपी शलभ सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में सचिन तेंदुलकर ने अपने दौरे का उद्देश्य बताते हुए कहा कि उनकी संस्था “सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन” और “मान देशी फाउंडेशन” मिलकर दंतेवाड़ा जिले में 50 खेल मैदानों के विकास और संवर्धन पर काम कर रही हैं। इस पहल का मकसद दूर-दराज के इलाकों के बच्चों को खेलों से जोड़ना और उन्हें सकारात्मक दिशा देना है।
उन्होंने बताया कि इन मैदानों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए “मैदान कप” जैसे आयोजन भी किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी। सचिन ने कहा कि वे खुद भी बच्चों के साथ मैदान में उतरकर खेलेंगे, ताकि उनमें आत्मविश्वास और प्रेरणा बढ़ सके।
इस दौरे के दौरान उनके साथ उनकी बेटी सारा तेंदुलकर और बहू सानिया चंडोक तेंदुलकर भी मौजूद हैं। बस्तर, जो कभी माओवादी हिंसा के कारण चर्चा में रहता था, अब खेलों के जरिए अपनी नई पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में सचिन का यह दौरा इस बदलाव को और मजबूती देने वाला माना जा रहा है।





