क्रांइममध्यप्रदेश

खुद को डीजीपी का रिश्तेदार बताकर 10 लोगों से 25 लाख की ठगी, पुलिस नौकरी दिलाने का दिया था झांसा

मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुद को डीजीपी का रिश्तेदार बताकर कई लोगों से लाखों रुपये वसूल लिए, लेकिन किसी की भी नौकरी नहीं लगवाई।

पीड़ितों ने एसपी कार्यालय में शिकायत देकर बताया कि झारखेड़ी निवासी बालूसिंह पिता भेरूलाल वाड़िया ने पुलिस भर्ती में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपी खुद को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना का करीबी रिश्तेदार बताता था और इसी भरोसे पर लोगों से रुपये लेता रहा।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने 10 लोगों से अलग-अलग तीन से चार लाख रुपये लेकर करीब 25 लाख रुपये वसूल किए। काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे। इस दौरान आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।

एसडीओपी जेंडर लिंगजेरपा ने बताया कि कुछ लोगों ने जमीन गिरवी रखकर तो कुछ ने अपनी जमा पूंजी देकर आरोपी को रकम दी थी। शिकायतकर्ताओं में उज्जैन और देवास के कई लोग शामिल हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़ितों ने करीब तीन साल पहले आरोपी को रुपये दिए थे। नौकरी के बारे में पूछने पर वह लगातार टालमटोल करता रहा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts