देश

‘प्याज खाता हूं, किसी का दिमाग नहीं’… कोलकाता में पीएम मोदी का मजेदार अंदाज, सड़क किनारे खाई झालमुड़ी

कोलकाता। झाड़ग्राम में चुनावी सभा खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला हेलिपैड की ओर जा रहा था, तभी अचानक रास्ते में गाड़ियां रुक गईं। इस दौरान पीएम मोदी गाड़ी से उतरकर सीधे कॉलेज मोड़ पर स्थित एक छोटी सी झालमुड़ी की दुकान पर पहुंच गए। उन्होंने मुस्कुराते हुए दुकानदार से कहा— ‘भाई, झालमुड़ी खिलाओ।’

अचानक अपने सामने प्रधानमंत्री को देखकर दुकानदार विक्रम साव हैरान रह गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, पीएम मोदी ने 10 रुपये की झालमुड़ी का ऑर्डर दे दिया। झालमुड़ी तैयार होने के बाद जब विक्रम पैसे लेने में हिचकिचाया, तो पीएम ने साफ शब्दों में कहा— ‘ऐसा नहीं होता’ और पीएम ने तुरंत अपनी जेब से पैसे निकाले और विक्रम के हाथ में थमा दिए।

इस दौरान उन्होंने आसपास मौजूद बच्चों को भी झालमुड़ी खिलाई, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए।

मजेदार अंदाज में दिया जवाब
झालमुड़ी बनाते समय दुकानदार और पीएम मोदी के बीच हल्की-फुल्की बातचीत भी हुई, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। जब विक्रम ने मिर्च डालने के बारे में पूछा, तो पीएम ने कहा— ‘हां।’ इसके बाद जब प्याज के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा— ‘प्याज भी खाता हूं, बस किसी का दिमाग नहीं खाता!’
उनका यह चुटीला जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग हंस पड़े।

‘मुड़ी पे चर्चा’ बना चर्चा का विषय
पीएम मोदी ने सिर्फ खुद ही नहीं, बल्कि अपने पास खड़े लोगों को भी झालमुड़ी ऑफर की। उनका यह सहज और सरल व्यवहार लोगों को काफी पसंद आया। सोशल मीडिया पर यह पल ‘मुड़ी पे चर्चा’ के नाम से तेजी से वायरल हो रहा है। खुद प्रधानमंत्री ने भी इस पल की तस्वीरें साझा कीं।

दुकानदार के लिए यादगार पल
झालमुड़ी विक्रेता विक्रम साव, जो बिहार के गया जिले का रहने वाला है, इस मुलाकात से बेहद खुश नजर आया। विक्रम ने बताया कि मुझे यकीन ही नहीं हो रहा था। उन्होंने मुझसे मेरा नाम, पिता का नाम और पता पूछा। इतने बड़े पद पर होकर भी उन्होंने बहुत सहजता से बात की।

वहीं मौके पर मौजूद स्थानीय लोग भी इस घटना से उत्साहित दिखे। उनका कहना था कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि देश के प्रधानमंत्री को इस तरह सड़क किनारे आम आदमी की तरह झालमुड़ी खाते हुए देखेंगे। कॉलेज मोड़ पर हुई यह छोटी सी मुलाकात लोगों के लिए यादगार बन गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts