मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप, पारा 44 डिग्री के पार, कई जिलों में लू का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। तेज हवाओं और आंशिक बादलों के बावजूद तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई है। इस सीजन में पहली बार पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री ज्यादा है। रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर बना रहा। छतरपुर जिले के नौगांव में सबसे ज्यादा 44.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि मंडला दूसरा सबसे गर्म शहर रहा, जहां 43.9 डिग्री दर्ज किया गया।

इसके अलावा खजुराहो में 43.4 डिग्री, सतना, उमरिया और दतिया में 43.1 डिग्री, दमोह में 43 डिग्री, नर्मदापुरम में 42.8 डिग्री, सागर और सीधी में 42.6 डिग्री, मलाजखंड में 42.5 डिग्री, रीवा में 42.4 डिग्री, धार में 42.2 डिग्री और श्योपुर व टीकमगढ़ में 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

यहां लू का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। जबलपुर, छतरपुर, उमरिया, टीकमगढ़, कटनी, निवाड़ी, पन्ना और मंडला जिलों में हीट वेव यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। IMD के मुताबिक इन इलाकों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री से ऊपर बना रह सकता है। वहीं भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन सहित अन्य शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बीते दो दिनों से साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ की गतिविधियां देखी जा रही हैं, जिससे कुछ जगहों पर बादल छाए हुए हैं। 23 अप्रैल को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। हालांकि इसका असर एमपी में कम रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts