देश

33 घंटे बाद खुला मुंबई–पुणे एक्सप्रेसवे, गैस टैंकर हादसे से ठप हुआ था ट्रैफिक

मुंबई–पुणे एक्सप्रेसवे पर लगे लंबे जाम से आखिरकार यात्रियों को राहत मिल गई है। करीब 33 घंटे बाद गुरुवार तड़के एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल कर दिया गया। इस दौरान हजारों वाहन चालक और यात्री रास्ते में फंसे रहे और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, खंडाला घाट खंड में मंगलवार शाम एक गैस टैंकर के पलट जाने से एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक ठप हो गया था। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बुधवार रात टैंकर से गैस निकालकर दूसरे टैंकरों में ट्रांसफर की गई, जिसके बाद गुरुवार सुबह अडोशी सुरंग के पास से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को हटा दिया गया।

महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के अधिकारियों ने बताया कि टैंकर हटने के बाद मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर रात 1:46 बजे से यातायात शुरू कर दिया गया। हालांकि, पूरी तरह ट्रैफिक सामान्य होने में कुछ और समय लगा, क्योंकि बड़ी संख्या में भारी वाहन रास्ते में फंसे हुए थे।

इस जाम के दौरान मुंबई और पुणे के बीच करीब 90 किलोमीटर लंबे मार्ग पर वाहन कतारों में खड़े रहे। जाम के चरम समय में वाहनों की लाइन करीब 20 किलोमीटर तक पहुंच गई थी। कई यात्री, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, घंटों तक बिना पानी, भोजन और शौचालय की सुविधा के अपने वाहनों में फंसे रहे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने MSRDC को निर्देश दिया है कि इस हादसे पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए और भविष्य में ऐसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए ठोस सुझाव दिए जाएं।

हाईवे पुलिस के पुलिस अधीक्षक तानाजी चिखले ने बताया कि टैंकर में करीब 21 टन प्रोपाइलीन गैस थी, जिसे सुरक्षित तरीके से दूसरे टैंकर में भर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों से हरी झंडी मिलने के बाद ही टैंकर को हटाया गया। फिलहाल सफाई अभियान पूरा होने के बाद घाट खंड में यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts