संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2026 की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही IAS, IPS और IFS बनने की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। आयोग के अनुसार, इस वर्ष सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से कुल 933 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
UPSC CSE 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 4 फरवरी 2026 से शुरू हो चुके हैं। इच्छुक उम्मीदवार 24 फरवरी 2026 को शाम 6 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले पात्रता, आयु सीमा, शुल्क और अन्य सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें।
कुल 933 पदों में से 33 पद दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रखे गए हैं। इनमें 7 पद दृष्टिबाधित एवं कम दृष्टि वाले, 11 पद श्रवण बाधित, 8 पद शारीरिक अक्षमता से ग्रस्त और 7 पद बहु-दिव्यांगता श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं। हालांकि आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अंतिम पदों की संख्या में बदलाव संभव है, क्योंकि, कैडर कंट्रोलिंग अथॉरिटी से अंतिम आंकड़े प्राप्त होने के बाद संशोधन किया जा सकता है।
पात्रता की बात करें तो उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। आयु सीमा 1 अगस्त 2026 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 32 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
UPSC ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षाओं में गिनी जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा के लिए यह नोटिफिकेशन अभ्यर्थियों के बीच खासा उत्साह पैदा कर रहा है।





