भोपाल। मध्य प्रदेश के लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। पेट्रोल और डीजल पर लगने वाला वैट कम किया जा सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसके संकेत देते हुए कहा कि राज्य सरकार पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में 18 फरवरी को पेश होने वाले राज्य बजट में प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करना एक चुनौती जरूर है, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से ड्यूटी के अनुसार रिटर्न मिलने की व्यवस्था है और इसी के आधार पर समय-समय पर जनता को राहत दी जाती रही है। आने वाले बजट में सरकार का फोकस इस पर रहेगा।
यह बयान मंगलवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित केंद्रीय बजट 2026 को लेकर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
केंद्रीय बजट को बताया सर्वांगीण विकास का बजट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 में समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है। इससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि नारी सशक्तिकरण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इनोवेशन और स्टार्टअप्स के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं।
सीएम ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार का बजट आपस में तालमेल के साथ काम कर रहा है। यह बजट सिर्फ कागजी नहीं, बल्कि दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। इससे एमएसएमई सेक्टर, निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही सेमीकंडक्टर 2.0 में भी मध्य प्रदेश को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने रक्षा बजट में 15 प्रतिशत बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि कुछ नेताओं को खुद नहीं पता कि वे क्या बोल रहे हैं। उन्होंने भारत की आर्थिक स्थिति की तुलना पड़ोसी देशों से करते हुए देश की मजबूत अर्थव्यवस्था और नेतृत्व की तारीफ की।
बीजेपी अध्यक्ष ने बताया ‘विकास और विश्वास का बजट’
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए इसे ‘विकास और विश्वास’ का बजट बताया।





