टी-20 विश्व कप 2026 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम हिस्सा नहीं लेगी। बांग्लादेश सरकार और क्रिकेट बोर्ड ने 7 फरवरी से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के बहिष्कार का फैसला कर लिया है। यह निर्णय गुरुवार (22 जनवरी) को लिया गया।
दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) अपने ग्रुप स्टेज के मैच भारत से बाहर स्थानांतरित कराने की मांग कर रहा था। बोर्ड का कहना था कि सुरक्षा कारणों से टीम भारत में खेलने में असहज है और मैच सह-मेजबान देश श्रीलंका में कराए जाएं। हालांकि ICC ने साफ कर दिया था कि बांग्लादेश को टूर्नामेंट में हिस्सा लेना है तो उन्हें भारत में ही मैच खेलने होंगे। इसी असहमति के चलते BCB ने टूर्नामेंट से हटने का रास्ता चुना।
ICC पर अन्याय का आरोप
इस फैसले से पहले BCB अधिकारियों, राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों और अंतरिम सरकार के खेल सलाहकार के बीच अहम बैठक हुई थी। बांग्लादेश के स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल्ल ने ICC पर अन्याय का आरोप लगाते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जा सकता। उनका कहना था कि अगर बांग्लादेश विश्व कप नहीं खेलता है, तो इसका क्या मतलब होगा।
बातचीत जारी रखने की बात
BCB के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बोर्ड ICC के साथ बातचीत जारी रखेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश विश्व कप खेलना चाहता है, लेकिन भारत में मैच खेलने को लेकर उसका रुख सख्त है। उन्होंने यह भी कहा कि ICC बोर्ड मीटिंग में कुछ ऐसे फैसले लिए गए, जो चौंकाने वाले थे।
बैठक से पहले ही मिल गए थे संकेत
बीते बुधवार को ICC के चेयरमैन जय शाह की मौजूदगी में पूर्ण सदस्य देशों की अहम बैठक हुई थी। इसमें BCB प्रमुख अमीनुल इस्लाम के अलावा BCCI के सचिव देवजीत सैकिया, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे क्रिकेट के शीर्ष अधिकारी भी शामिल थे। बैठक में अधिकांश सदस्य बांग्लादेश के रिप्लेसमेंट के पक्ष में नजर आए।
स्कॉटलैंड को मिल सकता है मौका
ग्रुप-C में शामिल बांग्लादेश को अपने सभी मुकाबले भारत में खेलने थे। ICC पहले ही संकेत दे चुकी थी कि अगर बांग्लादेश अपने फैसले पर अड़ा रहता है, तो उसकी जगह किसी दूसरी टीम को मौका दिया जाएगा। ऐसे में अब स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम को टी-20 विश्व कप 2026 में शामिल किए जाने की संभावना है।





