महिला प्रीमियर लीग 2026 (WPL) अपने रोमांचक मुकाम पर पहुंच चुकी है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। एक ओर दूसरे संस्करण की विजेता है, जो स्मृति मंधाना की कप्तानी में इस सीजन अंक तालिका की टॉप पर रही। वहीं दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स है, जो हर सीजन फाइनल तक पहुंचने के बावजूद अब तक खिताब जीतने से चूकती रही है।
इस सीजन RCB ने 8 में से 6 मुकाबले जीतकर 12 अंक हासिल किए। दिल्ली कैपिटल्स ने 8 में से 4 मैच जीते और 4 हारे, जिससे वह तीसरे स्थान पर रही। हालांकि, दिल्ली ने एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर एक बार फिर फाइनल में एंट्री की और अब टीम अपने फाइनल हारने के सिलसिले को तोड़ना चाहेगी।
चैंपियन और रनर-अप को कितनी मिलेगी इनामी राशि
WPL का पहला संस्करण 2023 में हुआ था, जिसमें मुंबई इंडियंस चैंपियन बनी थी और उसे 6 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली थी। तब से अब तक इनामी राशि में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ऐसे में WPL 2026 जीतने वाली टीम को भी 6 करोड़ रुपये मिलेंगे। उपविजेता टीम को 3 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।
इसके अलावा, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 5 लाख रुपये मिलेंगे। ऑरेंज कैप, पर्पल कैप, सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले और सबसे अच्छे स्ट्राइक रेट वाले खिलाड़ी को भी 5-5 लाख रुपये दिए जाएंगे। फाइनल मैच में प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड जीतने वाले खिलाड़ी को 2.5 लाख रुपये का इनाम मिलेगा।
कब और कहां खेला जाएगा फाइनल
RCB और DC के बीच WPL 2026 का फाइनल मुकाबला आज, 5 फरवरी को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम, कोटांबी में खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा।
लाइव कहां देखें मुकाबला
महिला प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।





