अमेरिका द्वारा लगाए गए यात्रा प्रतिबंधों के जवाब में पश्चिमी अफ्रीका के दो देशों माली और बुर्किना फासो ने अमेरिकी नागरिकों के अपने यहां प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है। यह फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस आदेश के बाद लिया गया है, जिसमें माली और बुर्किना फासो के नागरिकों की अमेरिका यात्रा पर रोक लगाई गई थी।
दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने मंगलवार देर रात अलग-अलग आधिकारिक बयानों में इस निर्णय की जानकारी दी। इसे पश्चिमी अफ्रीका की सैन्य सरकारों और अमेरिका के बीच लगातार बिगड़ते रिश्तों की एक नई कड़ी माना जा रहा है।
गौरतलब है कि 16 दिसंबर को राष्ट्रपति ट्रंप ने यात्रा प्रतिबंधों की सूची का विस्तार करते हुए 20 और देशों को इसमें शामिल किया था। इस सूची में माली और बुर्किना फासो के साथ-साथ नाइजर भी शामिल है। ये तीनों देश फिलहाल सैन्य शासन के अधीन हैं और इन्होंने पश्चिमी अफ्रीकी क्षेत्रीय संगठन ECOWAS से अलग होकर एक नया गठबंधन भी बनाया है।





