वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को प्रभावित कर दिया है। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में 29 गेंदों पर 97 रन की तूफानी पारी खेलकर हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। महज 15 साल की उम्र में उनकी बल्लेबाजी देखकर कई दिग्गज खिलाड़ी भी उनकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाए।
मुल्लांपुर में खेले गए मुकाबले में वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर तेज रन बनाए और मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की बरसात कर दी। हालांकि वह आईपीएल का सबसे तेज शतक लगाने से चूक गए और बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे।
इसके बावजूद वैभव ने इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह अब तक 65 छक्के जड़ चुके हैं और इस मामले में उन्होंने क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। उनकी दमदार बल्लेबाजी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने मुकाबला जीतकर क्वालिफायर-2 में जगह बना ली।
सचिन तेंदुलकर ने वैभव की बल्लेबाजी की जमकर सराहना की। उन्होंने एक्स पर लिखा, “वैभव सूर्यवंशी का बल्ले का स्विंग शानदार रहा है। इससे भी अधिक उल्लेखनीय बात यह है कि वे कितनी खूबसूरती से अपने फ्रंट फुट को हटाकर पैरों की ओर आने वाली गेंदों के लिए जगह बनाते हैं। यह स्वतंत्रता उन्हें उस तरह से खेलने की अनुमति देती है जिस तरह से वे खेलते हैं। यह पारी वाकई शानदार थी!”
भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने लिखा, “बेबी बॉस ने यूनिवर्स बॉस का रिकॉर्ड तोड़ा। अविश्वसनीय! इस बच्चे को खेलते देखना बहुत अच्छा लगता है।”
वहीं पूर्व ऑलराउंडर सुरेश रैना ने कहा, “वैभव सूर्यवंशी ने इस टूर्नामेंट में जो कमाल किया है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। क्या खिलाड़ी हैं, क्या प्रतिभा के धनी हैं! लोग उन्हें बल्लेबाजी करते देखने के लिए उत्सुक हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।”





