मध्यप्रदेश

रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, भोपाल से धनबाद और चोपन के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेनों को मंजूरी

रेलवे बोर्ड ने रेल यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए भोपाल से धनबाद और चोपन के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी है। इन ट्रेनों के शुरू होने से मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और झारखंड के कई अहम शहरों को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। रेलवे बोर्ड ने संबंधित जोनों को तैयारियां पूरी करने और यात्रियों के बीच जानकारी प्रसारित करने के निर्देश भी दिए हैं।

भोपाल–धनबाद एक्सप्रेस, सप्ताह में तीन दिन

रेलवे बोर्ड की मंजूरी के तहत 11631/11632 भोपाल–धनबाद एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में तीन दिन किया जाएगा। 11631 ट्रेन भोपाल से रात 8:55 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8:30 बजे धनबाद पहुंचेगी। वहीं 11632 ट्रेन धनबाद से सुबह 7 बजे चलकर अगले दिन सुबह 7:20 बजे भोपाल पहुंचेगी। यह ट्रेन भोपाल से सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को तथा धनबाद से रविवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी।

इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

भोपाल–धनबाद एक्सप्रेस विदिशा, गंजबासोदा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, ब्योहारी, सिंगरौली, चोपन, रेनुकूट, डाल्टनगंज, लातेहार, टोरी, बोकारो थर्मल और कतरासगढ़ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इससे सिंगरौली सहित औद्योगिक क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।

भोपाल–चोपन एक्सप्रेस को भी मिली स्वीकृति

इसके अलावा 11633/11634 भोपाल–चोपन एक्सप्रेस के संचालन को भी मंजूरी दी गई है। यह ट्रेन भोपाल से रविवार रात 8:55 बजे चलकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे चोपन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन चोपन से सोमवार शाम 5:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजे भोपाल पहुंचेगी।

इस ट्रेन के प्रमुख ठहराव विदिशा, गंजबासोदा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, ब्योहारी, सिंगरौली, करैला रोड, मिर्चाधुरी और ओबरा डैम होंगे, जिससे विंध्य और सिंगरौली अंचल के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

भोपाल में होगा रखरखाव

दोनों नई एक्सप्रेस ट्रेनों का प्राइमरी मेंटेनेंस भोपाल में किया जाएगा। कोच रेक को 22165/66 भोपाल–निजामुद्दीन एक्सप्रेस के साथ इंटीग्रेटेड रखा जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए बीना, कटनी मुड़वारा, सिंगरौली और चोपन स्टेशनों पर वाटरिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

इन नई ट्रेनों के शुरू होने से भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से झारखंड और यूपी की यात्रा अब और आसान व सुविधाजनक हो जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts