क्रांइममध्यप्रदेश

मदद के बहाने बदला ATM कार्ड, 70 वर्षीय बुजुर्ग के खाते से उड़ाए 20 हजार रुपए

इंदौर के परदेशीपुरा क्षेत्र में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ATM ठगी का शिकार हो गए। दो युवकों ने मदद का झांसा देकर उनका ATM कार्ड बदल लिया और बाद में खाते से 20 हजार रुपए निकाल लिए। मामले की शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना परदेशीपुरा चौराहे पर राखेड़ीवाला धर्मशाला के पास स्थित SBI एटीएम बूथ की है। जहां महेश ATM मशीन से रुपए निकालने पहुंचे थे। रुपए निकालने के दौरान मशीन में तकनीकी समस्या आ गई। तकनीकी समस्या के चलते महेश को परेशानी हुई। तभी दो युवक उनके पास आए और मदद करने की बात कही।

मदद के नाम पर की ठगी

युवकों ने समस्या जानने के बाद बुजुर्ग से ATM कार्ड देखने के लिए कहा। इसी दौरान उन्होंने चालाकी से असली कार्ड अपने पास रख लिया और उसकी जगह नकली कार्ड थमा दिया। बुजुर्ग को इसकी भनक नहीं लगी और वे घर लौट गए।

मैसेज आने पर हुआ खुलासा

शाम के समय बुजुर्ग के मोबाइल पर बैंक से ट्रांजेक्शन का मैसेज आया। संदेश में खाते से 20 हजार रुपए निकाले जाने की जानकारी थी। यह देखकर वे घबरा गए और अपने बेटे को पूरी घटना बताई। इसके बाद दोनों परदेशीपुरा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

दो बार में निकाले गए पैसे

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने इंदौर के बापट चौराहा स्थित ATM से 10-10 हजार रुपए के दो ट्रांजेक्शन किए थे। ठगी का पता चलते ही बुजुर्ग ने कस्टमर केयर से संपर्क कर अपना ATM कार्ड ब्लॉक करा दिया।

CCTV फुटेज की जांच जारी

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts