राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में रविवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। कार में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। बीच सड़क इस घटना से राहगीरों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक रिंग रोड पर अग्रसेन चौक के पास चल रही सुमो ग्रैंड में अचानक आग लग गई। कार में सवार सभी लोग झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कुछ ही मिनटों में आग इतनी तेज हो गई कि दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही पूरी गाड़ी उसकी चपेट में आ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके बाद यातायात को दोबारा सामान्य किया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फिलहाल कार में आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार वाहन झारखंड पासिंग का है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।





