क्रांइमदेश

टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस में आग, दो कोच राख; एक यात्री की मौत, फोरेंसिक जांच जारी

आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम से करीब 66 किलोमीटर दूर येलामांचिली के पास टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस ट्रेन के दो कोचों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री बाल-बाल बच गए। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीमें जांच में जुटी हुई हैं।

अधिकारियों के अनुसार, आग जिन दो कोचों में लगी, उनमें एक में 82 और दूसरे में 76 यात्री सवार थे। घटना के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। रात करीब 12:45 बजे आग की सूचना मिलते ही लोको पायलट ने ट्रेन को तुरंत रोक दिया और दमकल विभाग को अलर्ट किया गया।

पुलिस ने बताया कि बी-1 कोच से एक शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में हुई है। हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर आग से प्रभावित बी-1 और एम-2 कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया। इसके बाद ट्रेन को उसके गंतव्य एर्नाकुलम की ओर रवाना कर दिया गया। प्रभावित कोचों के यात्रियों को भी वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उनके गंतव्य तक भेजने की तैयारी की जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दमकल कर्मियों के पहुंचने तक दोनों डिब्बे पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे और स्टेशन परिसर धुएं से भर गया था। इस हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें भी आई हैं, जबकि यात्रियों का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।

घटना के बाद एहतियातन विशाखापत्तनम–विजयवाड़ा रूट पर चलने वाली कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts