बलौदाबाजार। जिले के बारनवापारा वन क्षेत्र के ग्राम हरदी में सोमवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। खेतों में विचरण कर रहे चार हाथी, जिनमें एक शावक भी शामिल था, अचानक बिना जगत वाले खुले कुएं में गिर गए। घटना की जानकारी सुबह होने पर वन विभाग को दी गई, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
सुबह करीब 7 बजे से शुरू हुए बचाव कार्य में वन अमले ने दो जेसीबी मशीनों की मदद से तीन घंटे से अधिक मेहनत के बाद सभी हाथियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों ने भी इस दौरान वन विभाग की पूरी सहायता की।
पूरी रात कुएं में फंसे रहे हाथी
परिक्षेत्र अधिकारी गोपाल प्रसाद वर्मा ने बताया कि पहले तीन हाथियों को निकाला गया, जबकि चौथे हाथी को बाहर निकालने में अधिक समय लगा। सीमित संसाधनों के बावजूद टीम ने लगातार प्रयास जारी रखा और आखिरकार सभी हाथियों को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया। सभी हाथी सुरक्षित हैं और रेस्क्यू के बाद जंगल की ओर लौट गए।
क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती सक्रियता से दहशत
जानकारी के मुताबिक, पिछले 15 से 20 दिनों से हाथियों का झुंड बारनवापारा क्षेत्र में सक्रिय है। दीपावली के दिन इसी दल ने ग्राम हरदी के एक वृद्ध किसान कनकु राम पर हमला कर उसकी जान ले ली थी। लगातार हो रही हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे रात के समय खेतों की ओर न जाएं और हाथियों के विचरण वाले इलाकों में सतर्क रहें।





