रायपुर। महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत की महिला टीम ने इतिहास रचते हुए साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर नया विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस ऐतिहासिक जीत पर पूरे देश में जश्न का माहौल है। वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय टीम को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और इसे “नारी शक्ति और आत्मविश्वास की जीत” बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विजय केवल भारत के लिए नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए भी गर्व का क्षण है, क्योंकि इस जीत के पीछे राज्य की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी का भी अहम योगदान रहा है।
छत्तीसगढ़ की आकांक्षा ने निभाई पर्दे के पीछे बड़ी भूमिका
कवर्धा जिले की रहने वाली आकांक्षा सत्यवंशी भारतीय महिला क्रिकेट टीम में फिजियोथैरेपिस्ट और स्पोर्ट्स साइंस एक्सपर्ट के रूप में जुड़ी हुई हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी और प्रदर्शन सुधार में अहम भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आकांक्षा का समर्पण और वैज्ञानिक दृष्टिकोण इस ऐतिहासिक सफलता में महत्वपूर्ण रहा।
आकांक्षा इससे पहले छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम और भारतीय अंडर-19 महिला टीम के साथ भी जुड़ी रही हैं। खेल विज्ञान के क्षेत्र में उनका अनुभव और पेशेवर दक्षता भारतीय खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में मददगार साबित हुई।
“आकांक्षा जैसी बेटियां हैं प्रदेश की पहचान”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आकांक्षा को राज्य की ओर से शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आकांक्षा सत्यवंशी जैसी बेटियां आज छत्तीसगढ़ का नाम देश-दुनिया में रोशन कर रही हैं। उनकी उपलब्धि प्रदेश की युवतियों को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देगी।”
उन्होंने कहा कि यह जीत नारी शक्ति, परिश्रम और आत्मविश्वास की प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने आकांक्षा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी आकांक्षा सत्यवंशी को भारतीय महिला टीम की सफलता में योगदान के लिए बधाई दी।





