जगदलपुर। बस्तर संभाग में चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का प्रभाव लगातार चौथे दिन भी देखने को मिला। गुरुवार को दिनभर घने बादल और ठंडी हवाएं चलती रहीं। कई इलाकों में हल्की बारिश के आसार बने रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, तूफान का केंद्र भले ही अब कमजोर पड़ गया हो, लेकिन इसका असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश से सटे इलाकों में अभी भी बना हुआ है, जिससे बस्तर का मौसम भी प्रभावित हो रहा है।
लगातार चौथे दिन बादल छाए
बीते चार दिनों से क्षेत्र में मौसम बदला-बदला बना हुआ है। बुधवार रात और गुरुवार को कई जगहों पर बूंदाबांदी देखी गई। हवाओं की गति में भी तेजी रही, जिससे तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया।
शनिवार से खुलेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार (1 नवंबर) से बस्तर का मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा। इसके बाद क्षेत्र में तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। वर्तमान में बादलों की वजह से हवा में नमी बनी हुई है, जिसके कारण अभी ठंड का असर महसूस नहीं हो रहा है।
ठंड बढ़ने के आसार
जैसे ही आसमान साफ होगा, हवा शुष्क होते ही ठंड का असर तेजी से बढ़ेगा। नवंबर के पहले हफ्ते से न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है।





