हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई. शुरुआती सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में जोरदार तेजी आई है. बाजार खुलने के कुछ समय बाद सेंसेक्स 0.80 फीसदी की तेजी के साथ 84838 पर पहुंच गया. इसी तरह निफ्टी भी करीब 0.75 फीसदी चढकर 25978.85 तक चला गया. निफ्टी अब अपने ऑल टाइम हाई के करीब कारोबार कर रहा है. समाचार लिखे जाने तक सेंसेक्स 603 अंकों की तेजी के साथ 84815 पर और निफ्टी 170 अंकों की बढत के साथ 25965.90 पर कारोबार कर रहा था. बाजार में यह तेजी अमेरिकी फेडरल रिजर्व की इस सप्ताह संभावित ब्याज दर कटौती की उम्मीदों के बीच देखने को मिली. इसके साथ ही एफआईआई की खरीदारी ने भी बाजार भाव में मजबूती जोड़ दी.
निफ्टी 50 में शामिल एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, भारती एयरटेल और टाटा मोटर्स पैसेन्जर व्हीकल्स जैसे शेयरों में जोरदार खरीदारी देखी गई. ये शेयर इंट्रा-डे में 4 फीसदी तक चढ़ गए. सप्ताह के पहले ही दिन निवेशकों के चेहरों पर रौनक लौटती दिखाई दी. अंतर्राष्ट्रीय मोर्चे पर भी सकारात्मक माहौल देखने को मिला. अमेरिकी शेयर बाजार नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं. महंगाई के आंकड़ों में राहत ने यह संकेत दिया कि फेडरल रिजर्व कमजोर होते रोजगार बाजार को संभालने के लिए ब्याज दरों में कटौती कर सकता है.
मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, बाजार विश्लेषकों के अनुसार, आज शेयर बाजार में तेजी के कई कारण हैं. अमेरिकी महंगाई आंकड़ों में नरमी के कारण 2025 में दो और दर कटौती की संभावनाएं बढ़ गई हैं. कम अमेरिकी ब्याज दरों से भारत जैसे उभरते बाजार विदेशी निवेशकों के लिए अधिक आकर्षक बन जाते हैं. अमेरिकी फेडरल रिजर्व की दो दिनों की नीतिगत बैठक 28 अक्टूबर से शुरू हो रही है और इसके नतीजे 29 अक्टूबर को सामने आएंगे, जिसका निवेशकों को बेसब्री से इंतज़ार है.




