छत्तीसगढ़

समय से पहले एक्टिव हुआ प्री मानसून, रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। करीब एक घंटे तक तेज गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और मेघगर्जन की संभावना जताई गई है।

गुरुवार को प्रदेशभर में तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे, लेकिन शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली।

मौसम वैज्ञानिक एसके अवस्थी ने बताया, “उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके साथ ही साथ ही एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका बनी हुई है। जिसकी वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी तरह की स्थिति आने वाले दो दिनों तक रहेगी। ऐसे में अधिकतम तापमान में लगभग 4 डिग्री की गिरावट होगी। मध्य छत्तीसगढ़ और उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में शुक्रवार की सुबह गरज चमक के साथ झमाझम बारिश हुई है। जिसकी वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगा।”

सरगुजा के मौसम विज्ञानी अक्षय मोहन भट्ट ने बताया, “इस वर्ष ग्रीष्म ऋतु में पश्चिम भारत से देश में प्रवेश करने वाली पश्चिमी विक्षोभों की आवृत्ति में वृद्धि देखी जा रही है। लगातार क्रमिक अंतराल में पश्चिमी विक्षोभ के चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उतपन्न होने वाली मौसमी बाधाओं के कारण, वायुमण्डलीय तापमान को बढ़ाने वाले मूल कारकों में से एक प्रतिचक्रवाती परिसंचरण की स्थिति लगातार कमजोर बनी हुई है। इस समय लगातार हवा की दिशाओं में अनियमितता से खाड़ी से आने वाली नमीयुक्त हवा और पछुवा की शुष्क हवा के आपस मे टकराने से धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ वर्षा की आवृति बढ़ने से वायुमण्डलीय तापमान नियंत्रित है। ग्रीष्म की भीषणता का अब तक प्रभावहीन रहने में देश में समयपूर्व प्री मानसून की गतिविधियों की दस्तक भी है। इस वर्ष अल- नीनो और ला-नीना का संक्रमण काल होने के कारण मौसमी घटकों में बदलाव परिलक्षित हो रहे हैं।”

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts