अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि चीन ‘बहुत खुश’ है क्योंकि वे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को स्थायी रूप से खोल रहे हैं और यह अब कभी भी ब्लॉक नहीं होगा।
क्या बोले ट्रंप
ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा, “चीन बहुत खुश है कि मैं स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को स्थायी रूप से खोल रहा हूं। मैं यह उनके लिए भी कर रहा हूं और दुनिया के लिए। यह स्थिति दोबारा कभी नहीं होगी। उन्होंने ईरान को हथियार भेजने पर सहमति नहीं देने का वादा किया है।”
क्यों अहम है होर्मुज स्ट्रेट
ट्रंप का यह बयान वैश्विक तेल व्यापार के सबसे महत्वपूर्ण जलमार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़ा है, जो मिडिल ईस्ट से तेल निर्यात का प्रमुख रास्ता है। इस जलडमरूमध्य पर पहले ईरान ने तो वहीं बाद में अमेरिका ने नाकेबंदी कर रखी है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर पड़ रहा है।
बयान पर उठे सवाल
ट्रंप के इस बयान पर सवाल उठ रहे हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, चीन ईरान को एयर डिफेंस सिस्टम देने की तैयारी कर रहा है। वहीं फाइनेंशियल टाइम्स ने भी खुलासा किया कि ईरान अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के लिए चीनी जासूसी उपग्रहों का इस्तेमाल कर रहा है। हालांकि, चीन के विदेश मंत्रालय ने इन रिपोर्टों से इनकार करते हुए कहा है कि वे ईरान को किसी भी प्रकार का सैन्य समर्थन नहीं दे रहे हैं।





