सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में शुक्रवार को दिनदहाड़े बैंक लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। शहर के बैढ़न क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में 5 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 35 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब एक बजे बैंक में सामान्य कामकाज चल रहा था, तभी दो बदमाश हथियार लेकर अंदर घुसे। इनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था। दोनों ने हथियार लहराते हुए लोगों को चुप रहने के लिए कहा और सीधे बैंक मैनेजर को कब्जे में ले लिया।
इसी दौरान पीछे से तीन और हथियारबंद बदमाश बैंक में दाखिल हुए और पूरे बैंक में दहशत फैलाते हुए कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया।
मैनेजर पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने कैश रूम की चाबी लेने के लिए बैंक मैनेजर पर दबाव बनाया। जब मैनेजर ने चाबी देने से मना किया तो एक बदमाश ने बंदूक की बट से उनके सिर पर वार किया और उनके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए।
20 मिनट में वारदात, हवाई फायर कर फरार
करीब 20 मिनट तक बैंक के अंदर उत्पात मचाने के बाद बदमाश नकदी से भरी पेटी, कैश काउंटर का कलेक्शन और सोना-चांदी लूटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि घटना के समय बैंक में कोई गार्ड मौजूद नहीं था। लुटेरों की तस्वीरें पास की एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं।
पूरे शहर में नाकेबंदी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी मनीष खत्री के नेतृत्व में पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है। शहर के सभी एग्जिट प्वाइंट सील कर चेकिंग की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।





