79वें कान्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘RJ बस्तर’ ने अपनी खास पहचान बनाई है। फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ इसका स्वागत किया। बस्तर की जमीनी हकीकत, भावनात्मक कहानी और सामाजिक संदेश को संवेदनशील तरीके से पेश करने के कारण फिल्म को अंतरराष्ट्रीय मंच पर खूब सराहना मिली।
फिल्म का निर्देशन मनीष माणिकपुरी ने किया है, जबकि इसे पीकेएस प्रोडक्शन के बैनर तले पवन कुमार सिंह ने प्रोड्यूस किया है। ‘पंचायत’ फेम अभिनेता चंदन रॉय फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म की कहानी बस्तर की एक आदिवासी युवती के संघर्ष और सपनों पर आधारित है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद वह रेडियो जॉकी बनने का सपना देखती है। फिल्म में आत्मविश्वास, संघर्ष और सपनों को पूरा करने की जिद को प्रभावशाली अंदाज में दिखाया गया है।
कान्स में स्क्रीनिंग के बाद अभिनेता चंदन रॉय ने कहा, “हमारे लिए यह बेहद गर्व की बात है कि ‘RJ बस्तर’ कान्स जैसे प्रतिष्ठित मंच पर प्रदर्शित हो रही है। यह छत्तीसगढ़ी भाषा में बनी फिल्म है और हमें पूरा विश्वास है कि यह दर्शकों का दिल जरूर जीतेगी।”
फिल्म को कान्स फिल्म फेस्टिवल में मौजूद दर्शकों, फिल्म समीक्षकों और सिनेमा प्रेमियों से भी शानदार प्रतिक्रिया मिली। खासतौर पर गांव और आदिवासी जीवन के वास्तविक चित्रण की काफी तारीफ हुई। कई दर्शकों ने इसे भारत के दूरदराज इलाकों की अनसुनी कहानियों को दुनिया तक पहुंचाने वाली सशक्त फिल्म बताया।
फिल्म में चंदन रॉय के अलावा चित्राशी रावत, नेहा साहू, हर्ष राजपूत, संजय महानंद, सुनील तिवारी, पुष्पेंद्र सिंह, पवन कुमार गुप्ता, संगीता निषाद, आरती नागरे, अनुनेय शर्मा और आशीष झा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं इसके गीतों को शान, कृष्णा बेओरा और अनुराग शर्मा ने आवाज दी है।
अभिनेत्री चित्राशी रावत ने कहा, “‘RJ बस्तर’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक आवाज और एक सपना है। यह उन सभी लोगों के लिए गर्व का क्षण है, जिन्होंने अपनी जड़ों से आगे बढ़कर बड़े सपने देखने की हिम्मत की।” उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ से निकली यह कहानी अब वैश्विक मंच तक पहुंच चुकी है, जो छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि है।
कान्स फिल्म फेस्टिवल में ‘स्पेशल स्क्रीनिंग’ किसी भी फिल्म के लिए बेहद प्रतिष्ठित मानी जाती है। इसमें फिल्म को आधिकारिक चयन में जगह मिलती है, हालांकि वह मुख्य प्रतियोगिता में अवॉर्ड की दौड़ में शामिल नहीं होती। इसके बावजूद यह मंच दुनिया भर के फिल्म समीक्षकों, प्रोड्यूसर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का ध्यान आकर्षित करता है।





