क्रांइमछत्तीसगढ़

रायपुर में ट्यूशन जा रहे छात्र को पानी टैंकर ने कुचला, CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। ट्यूशन जाने के दौरान एक तेज रफ्तार पानी टैंकर ने उसे कुचल दिया। हादसे का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि टैंकर का पहिया चढ़ने के बाद बच्चा कुछ पल के लिए उठकर खड़ा हुआ, लेकिन फिर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू स्थित शासकीय स्कूल के पास की है।

जानकारी के अनुसार महावीर शर्मा मंगलवार को बैग लेकर पैदल ट्यूशन जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पानी टैंकर वहां से गुजरा और उसे अपनी चपेट में लेते हुए आगे निकल गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।

गंभीर हालत में बच्चे को पास के इत्सा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद टैंकर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इस हादसे के बाद से परिवार सदमे में है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे से ठीक पहले एक बाइक सवार भी वहां मौजूद था। पुलिस को आशंका है कि बाइक की हलचल के कारण बच्चा अचानक टैंकर के सामने आ गया हो।

जांच में यह भी पता चला है कि हादसे के बाद सबसे पहले वही अज्ञात बाइक सवार मौके पर पहुंचा था। मृतक महावीर शर्मा सड्डू स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के LIG 104 सेक्टर-1 का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक टैंकर चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts