क्रांइमछत्तीसगढ़

रायपुर के बढ़ईपारा में किराना दुकान में लगी आग, दमकल ने समय रहते पाया काबू

राजधानी रायपुर के बढ़ईपारा इलाके में गुरुवार सुबह एक किराना दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही दुकान से धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया। जिससे आग आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाकों तक नहीं फैल सकी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकान से धुआं निकलता दिखाई दे रहा है और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग बुझाने में जुटे नजर आ रहे हैं।

सुबह बंद दुकान से उठने लगा धुआं

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब 6:30 बजे दुकान बंद थी। इसी दौरान लोगों ने दुकान के भीतर से धुआं निकलते देखा। कुछ ही देर में आग ने दुकान के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि संबंधित विभागों की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आग की वजह से दुकान में रखा किराना सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई।

कोई जनहानि नहीं

इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। नुकसान का वास्तविक आंकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts