राजधानी रायपुर में शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर ठगों ने एक कारोबारी और उसके परिचितों से 84 लाख 63 हजार रुपए की ठगी कर ली। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-1 देवेंद्र नगर निवासी अविनाश लोखंडे शेयर बाजार से जुड़ी एक ब्रोकिंग फर्म का संचालन करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि जून 2025 में कुछ लोगों ने व्हाट्सऐप के जरिए उनसे संपर्क किया था। आरोपियों ने खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए शेयर ट्रेडिंग और आईपीओ में कम समय में अधिक लाभ दिलाने का दावा किया।
पहले जीता भरोसा, फिर कराया बड़ा निवेश
शिकायत के अनुसार, शुरुआत में आरोपियों ने अविनाश का एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाता खुलवाया। कुछ समय तक सामान्य ट्रेडिंग कराकर उन्हें मुनाफा भी दिखाया गया, जिससे उनका विश्वास बढ़ गया। बाद में आरोपियों ने कम कीमत पर प्रीमियम आईपीओ उपलब्ध कराने का झांसा देकर अधिक रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
आरोपियों की बातों पर भरोसा कर अविनाश लोखंडे और उनके परिचितों ने अलग-अलग किश्तों में बड़ी राशि निवेश कर दी। शिकायत के मुताबिक अमित अग्रवाल, अशोक वर्मा, सौरभ अग्रवाल और श्याम सुंदर अग्रवाल ने भी निवेश किया। आरोपियों के बताए बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से कुल 84 लाख 63 हजार रुपए जमा कराए गए।
न आईपीओ मिला, न वापस आई रकम
रकम जमा करने के बाद निवेशकों को न तो किसी आईपीओ का आवंटन मिला और न ही उनका पैसा वापस किया गया। जब उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। जिस ऑनलाइन ट्रेडिंग ऐप के जरिए निवेश कराया जा रहा था, वह भी अचानक बंद हो गया।
इसके बाद पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच जारी
फिलहाल साइबर सेल और देवेंद्र नगर थाना की संयुक्त टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर निवेश न करें। निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें और केवल विश्वसनीय एवं प्रमाणित प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें।





