रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया, जहां छत्तीसगढ़ शासन की असिस्टेंट चीफ सेक्रेटरी ऋचा शर्मा वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर की लिफ्ट में करीब 20 मिनट तक फंसी रहीं। घटना सुबह लगभग 6:30 बजे की है, जब वे श्रीराम मंदिर चौक के पास स्थित इस कॉम्प्लेक्स में साईकस जिम जाने के लिए लिफ्ट से ऊपर जा रही थीं।
वेंटिलेशन की कमी से बिगड़ी हालत
लिफ्ट अचानक बीच में बंद हो गई, जिससे वे अंदर ही फंस गईं। लिफ्ट में पर्याप्त रोशनी और वेंटिलेशन नहीं होने के कारण उन्हें काफी दिक्कत हुई। घुटन और घबराहट के चलते उनकी तबीयत भी बिगड़ने लगी।
मोबाइल से दी सूचना
स्थिति गंभीर होते देख उन्होंने मोबाइल के जरिए प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने राज्य के ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव को भी फोन कर करेंसी टावर में बिजली और पावर बैकअप की स्थिति की जानकारी ली।
काफी मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर
करीब 20 मिनट की कोशिश के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि बाहर आने के बाद भी उनकी स्थिति सामान्य होने में कुछ समय लगा।
पहले भी आ चुकी हैं शिकायतें
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बिल्डिंग में लिफ्ट खराब होने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। सातवीं मंजिल पर स्थित साईकस जिम में रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं, जिनमें प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हैं। इसके बावजूद लिफ्ट की खराब स्थिति को लेकर प्रबंधन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
नियमों के अनुसार ऐसे कॉम्प्लेक्स में पावर बैकअप, इमरजेंसी लाइट, अलार्म और हेल्पलाइन नंबर जैसी सुविधाएं अनिवार्य होती हैं, लेकिन यहां इनकी कमी नजर आई। अब सवाल उठ रहा है कि SDRF, नगर निगम और फायर सेफ्टी विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करेंगे।





