भोपाल। मध्यप्रदेश में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सबसे ज्यादा गर्मी छतरपुर जिले के खजुराहो में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम जिलों में तेज लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिसके चलते वॉर्म नाइट की स्थिति बनी हुई है।
मालवा-निमाड़ क्षेत्र इस बार सबसे ज्यादा गर्मी की मार झेल रहा है। नर्मदापुरम, देवास, सीहोर, शाजापुर, आगर-मालवा और राजगढ़ समेत कई जिलों में लू जैसे हालात बने हुए हैं।
वहीं दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़ और छतरपुर में भी तापमान 44 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है।





