खंडवा में चुनावी नतीजों के साथ ही भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भारत के पांच राज्यों में से पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिल रहे सकारात्मक रुझानों के चलते बीजेपी कार्यालय में सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी थी।
जैसे-जैसे नतीजे पार्टी के पक्ष में आते गए, माहौल जश्न में बदल गया। परिणाम स्पष्ट होते ही बीजेपी दफ्तर के बाहर कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें सामने रखकर कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को झालमुड़ी खिलाकर बधाई दी।
इस दौरान जमकर आतिशबाजी की गई और पार्टी के झंडे लहराते हुए जीत के नारे लगाए गए। पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
इस मौके पर बीजेपी जिलाध्यक्ष, विधायक, महापौर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने इस जीत को जनता का समर्थन बताते हुए कहा, “नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है।” उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम संदेश भी बताया।





