मनोरंजन

हेरा फेरी 3 पर फिलहाल ब्रेक, अक्षय कुमार ने कहा- कुछ बातें ऐसी हैं, जो नहीं बता सकते

एक्टर अक्षय कुमार ने साफ कर दिया है कि फिल्म हेरा फेरी 3 फिलहाल आगे नहीं बढ़ रही है। उन्होंने यह बात शुभांकर मिश्रा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कही।

इंटरव्यू में अक्षय ने माना कि इस खबर से फैंस को झटका लगा है और उन्हें खुद भी उतना ही झटका लगा था। उन्होंने बताया कि फिल्म में देरी की वजह सिर्फ कास्ट नहीं है, बल्कि कुछ अन्य समस्याएं भी हैं, जिनके कारण यह प्रोजेक्ट अटका हुआ है।

अक्षय कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि तीनों कलाकारों के साथ काम करने में कोई दिक्कत नहीं है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने कहा कि फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में वह, सुनील शेट्टी और परेश रावल साथ काम कर रहे हैं।

“कुछ बातें ऐसी हैं, जो नहीं बता सकते” 
अक्षय ने आगे कहा, “कुछ बातें ऐसी हैं, जिन्हें वो कैमरे पर नहीं बता सकते।” उन्होंने इशारा किया कि कुछ समझौते और अन्य कारण हैं, जो फिल्म को आगे बढ़ने से रोक रहे हैं।

हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि सही समय आने पर हेरा फेरी 3 जरूर बनेगी। उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि उम्मीद है तब तक वे सभी बहुत बूढ़े नहीं हो जाएंगे।

गौरतलब है कि इस फिल्म को लेकर पहले भी कई अड़चनें सामने आ चुकी हैं, जिनमें परेश रावल का प्रोजेक्ट से अलग होना भी शामिल था, हालांकि बाद में वह फिर जुड़ गए।
बता दें कि ‘हेरा फेरी’ का पहला भाग प्रियदर्शन के निर्देशन में साल 2000 में रिलीज हुआ था, जबकि इसका सीक्वल ‘फिर हेरा फेरी’ नीरज वोरा के निर्देशन में 2006 में आया था।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts