छत्तीसगढ़

घर-घर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, कोर्रा के ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा

सुकमा जिले के दूरस्थ ग्राम पंचायत कोर्रा में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाया। जिला प्रशासन की पहल से आयोजित विशेष अभियान के दौरान 100 आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जबकि 14 बुजुर्गों के वय वंदन कार्ड भी तैयार किए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के मार्गदर्शन और जिला परियोजना समन्वयक अमृतेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों को स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ना था।

घर-घर पहुंचकर किया हितग्राहियों का सत्यापन
इस अभियान की खास बात यह रही कि स्वास्थ्य विभाग की टीम केवल शिविर तक सीमित नहीं रही। टीम ने गांव में घर-घर जाकर पात्र हितग्राहियों का सत्यापन किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया।
इस दौरान पात्र ग्रामीणों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। वहीं बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से 14 वय वंदन कार्ड भी बनाए गए।

ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा
आयुष्मान कार्ड मिलने से पात्र परिवारों को योजना के तहत उपचार संबंधी सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। वहीं वय वंदन कार्ड बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और मैदानी अमले ने ग्रामीणों को दोनों योजनाओं के लाभ और उपयोग की जानकारी भी दी।

प्रशासन की संवेदनशील पहल से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा लाभ
दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मितानिनों और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सहयोग से पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें मौके पर ही योजनाओं से जोड़ा गया।
कोर्रा में चलाया गया यह अभियान इस बात का उदाहरण है कि जब प्रशासन और मैदानी अमला मिलकर काम करते हैं, तो शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। अब गांव के ग्रामीण और बुजुर्ग स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति पहले से अधिक जागरूक और सशक्त महसूस कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts