छत्तीसगढ़

इबोला संक्रमण को लेकर रायपुर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए सख्त निर्देश

रायपुर। दुनिया के कई देशों में इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने रायपुर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट जारी किया है। संक्रमण की रोकथाम, यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और आपातकालीन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं की ओर से संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के आदेश के अनुसार एयरपोर्ट परिसर में एक विशेष नोडल अधिकारी की तैनाती की जाएगी। स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय के उप संचालक एवं राज्य सर्विलेंस अधिकारी (आईडीएसपी) ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि यह अधिकारी एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग व्यवस्था की निगरानी करेगा। साथ ही किसी संदिग्ध मरीज की पहचान होने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना देगा।

निर्देशों में यह भी कहा गया है कि एयरपोर्ट पर आने वाले अंतरराज्यीय और बाहरी यात्रियों की विशेष निगरानी की जाएगी। यदि किसी यात्री में संक्रमण जैसे लक्षण दिखाई देते हैं तो उसे तुरंत आइसोलेशन में रखा जाएगा और जरूरत पड़ने पर रेफरल एवं आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन की व्यवस्था की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट प्रबंधन और संबंधित एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मेडिकल टीमों को भी आवश्यक संसाधनों और सुरक्षा उपकरणों के साथ तैयार रहने के लिए कहा गया है।

राज्य सर्विलेंस अधिकारी द्वारा जारी पत्र की प्रतिलिपि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव और आयुक्त सह संचालक स्वास्थ्य सेवाएं को भी भेजी गई है, ताकि सभी स्तरों पर सतर्कता बनाए रखी जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts