दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें अब भी परिवार और फैंस के दिलों में जिंदा हैं। ऐसे में अब उन्हें भारत सरकार की ओर से पद्म सम्मान से सम्मानित किया गया। 25 मई, 2026 को धर्मेंद्र को पद्म विभूषण से मरणोपरांत सम्मानित किया गया। इस सम्मान को लेने के लिए हेमा मालिनी अपनी बेटी अहाना के साथ पहुंची थीं।
पद्म सम्मान की शुरुआत दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र से ही की गई। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हेमा मालिनी को धर्मेंद्र का पद्म विभूषण सम्मान सौंपा। इस दौरान का माहौल एकदम ही गमगीन और भावुक कर देने वाला था। जैसे ही धर्मेंद्र के नाम का ऐलान किया जाता है और हेमा मालिनी सम्मान को ग्रहण करने के लिए जाती हैं तो उनकी आंखें नम हो जाती है। वो अपने आंसू रोक नहीं पाती हैं।
वहीं दर्शकों के बीच बैठीं बेटी अहाना पिता को याद कर फूट-फूटकर रोने लगीं। वह हाथ जोड़कर पिता धर्मेंद्र को याद करती नजर आईं। यह दृश्य देखकर समारोह में मौजूद कई लोग भावुक हो गए। इस दौरान हर किसी ने धर्मेंद्र को याद किया।
गौरतलब है कि धर्मेंद्र ने 89 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया था। उन्होंने 24 नवंबर 2025 को अंतिम सांस ली थी। ऑर्गन फेल्योर की वजह से धर्मेंद्र का निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट में किया गया था।





