फिल्म ‘कॉकटेल 2’ का ट्रेलर पहले ही दर्शकों के बीच चर्चा में बना हुआ है और अब मेकर्स ने इसका पहला रोमांटिक गाना ‘तुझको’ भी रिलीज कर दिया है। इस फिल्म में शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। फिल्म की कहानी लव ट्रायंगल पर आधारित बताई जा रही है, जिसकी झलक नए गाने में भी देखने को मिली है।
सोमवार को रिलीज हुआ ‘तुझको’ एक इमोशनल और सोलफुल रोमांटिक ट्रैक है। रिलीज के बाद से ही यह गाना दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। गाने में प्यार, इमोशंस और खूबसूरत सिनेमैटिक विजुअल्स का शानदार मेल देखने को मिलता है।
रश्मिका मंदाना ने भी इस गाने को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, “बहुत सारे प्यार और इमोशंस से भरा ये खूबसूरत गाना दिल को छू लेने वाला है।” उन्होंने आगे कहा, “मुझे ये गाना बेहद पसंद आया और उम्मीद है कि आप सभी को भी ये उतना ही पसंद आएगा।”
गाने में शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना की फ्रेश केमिस्ट्री दर्शकों का ध्यान खींच रही है। दोनों स्क्रीन पर बेहद सहज और रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। यह कोई पार्टी सॉन्ग नहीं बल्कि एक ऐसा ट्रैक है, जिसमें रिश्तों और भावनाओं को खूबसूरती से दिखाया गया है।
इससे पहले मेकर्स ने गाने का टीजर रिलीज किया था, जिसके बाद फैंस फिल्म और गाने को लेकर काफी एक्साइटेड हो गए थे। अब पूरा गाना सामने आने के बाद इसे म्यूजिक लवर्स की ओर से शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसकी मधुर धुन और बोल लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं।
गाने को अरिजीत सिंह और सुनिधि चौहान ने अपनी आवाज दी है। इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं, जबकि संगीत प्रीतम चक्रवर्ती ने तैयार किया है।
गाने के आखिर में कृति सेनन की एंट्री कहानी में नया ट्विस्ट लेकर आती है। पूरे गाने में शाहिद और रश्मिका के बीच खास बॉन्ड देखने को मिलता है, लेकिन अंत में कृति सेनन की मौजूदगी लव ट्रायंगल को और दिलचस्प बना देती है।
बता दें कि ‘कॉकटेल 2’ साल 2012 में रिलीज हुई सुपरहिट रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है। रिश्तों और प्यार की नई कहानी के साथ यह फिल्म 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





