क्रांइमछत्तीसगढ़

धमतरी के कचरा डंपिंग यार्ड में लगी भीषण आग, धुएं के गुबार से इलाके में मची अफरा-तफरी

धमतरी। शहर के सोरिद स्थित बागतराई ट्रेंचिंग ग्राउंड में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगते ही ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक धमतरी नगर निगम के सभी 40 वार्डों से निकलने वाला कचरा रोजाना बागतराई स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में डंप किया जाता है। शहर को नौ जोनों में विभाजित कर सफाई व्यवस्था संचालित की जाती है। स्वच्छता समूह की महिलाएं घर-घर जाकर कचरा एकत्र करती हैं, जबकि नगर निगम की गाड़ियां दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से कचरा उठाकर इसी डंपिंग स्थल तक पहुंचाती हैं।

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच लगी इस आग ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पर्याप्त सावधानी और सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। लोगों का मानना है कि तेज गर्म हवाओं और अत्यधिक तापमान के कारण छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे में बदल सकती है।

घटना के बाद ट्रेंचिंग ग्राउंड से उठती आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई देती रहीं। धुएं के कारण आसपास के क्षेत्रों का वातावरण भी प्रभावित हुआ। हालांकि दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को ज्यादा फैलने से रोक लिया गया।

नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेज दिया गया था और आग बुझाने का काम लगातार जारी है। फिलहाल किसी बड़ी दुर्घटना की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts