छिंदवाड़ा में भीषण गर्मी का असर अब इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। परासिया क्षेत्र में तेज धूप और लू के कारण हालात काफी खराब हो गए हैं। रविवार दोपहर पेंच वैली स्कूल के पास भंडारिया इलाके में कई कबूतर मृत अवस्था में पाए गए।
बताया जा रहा है कि इन दिनों छिंदवाड़ा का तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इतनी तेज गर्मी को कबूतर सहन नहीं कर सके और प्यास व लू के कारण जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने पक्षियों को बचाने की कोशिश करते हुए पानी की व्यवस्था भी की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
कबूतरों की इस स्थिति को देखकर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने लोगों से अपील की है कि वे गर्मी के दौरान पक्षियों के लिए पानी और दाना जरूर रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और बेजुबान जीवों की जान बचाई जा सके।





