रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवतपा से पहले ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में भीषण गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। गुरुवार को रायपुर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि माना में सबसे ज्यादा 45 डिग्री दर्ज किया गया। दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया, यहां तक कि कूलर भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए रायपुर में ग्रीष्म लहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 30 डिग्री के आसपास रह सकता है। आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में हीटवेव का असर
प्रदेश के बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलोदा बाजार, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव जिलों में एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोरबा, गरियाबंद, महासमुंद, बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
हीटवेव को लेकर एडवायजरी जारी
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। “अनावश्यक रूप से धूप में ना निकलें, विशेषकर दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच। पानी और उपयुक्त तरल पदार्थ का सेवन करते रहें। धूप में निकल रहे हैं तो हल्के रंग के कॉटन कपड़े पहनें व पूरे शरीर को ढंककर रखें।”
लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।





