रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। बस्तर संभाग समेत कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जबकि राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में लोगों को अभी भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बिलासपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
राजधानी रायपुर में शनिवार को आंशिक बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
प्रदेश के ओडगी में 5 सेंटीमीटर, कुआकोंडा में 4 सेंटीमीटर, बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर तथा सुकमा, बलरामपुर, तोंगपाल, कांसाबेल और मनोरा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चिरमिरी, गादीरास और छिंदगढ़ में भी वर्षा हुई है।
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने जानकारी दी कि “छत्तीसगढ़ में लगातार नमी आ रही है। बस्तर में वर्षा भी हो रही है। मानसून के लिए तय मानकों के अनुरूप वर्षा होने और परिस्थितियों पर नजर है।”
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। विभाग का कहना है कि मानसून अरब सागर, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसका असर मौसम पर देखने को मिल रहा है। प्रदेश में आने वाले दिनों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।





