भोपाल। राजधानी भोपाल में साइबर ठगों ने स्कॉलरशिप का लालच देकर एक कॉलेज छात्रा को निशाना बनाया और उसके पिता के बैंक खाते से 90 हजार रुपए से अधिक की रकम उड़ा ली। आरोपी ने खुद को कॉलेज का एचओडी बताकर छात्रा का भरोसा जीता और लंबे समय तक फोन पर बातचीत कर जाल में फंसा लिया।
मामला कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक छात्रा करीना यादव को 30 मई को एक व्यक्ति का फोन आया। उसने अपना नाम प्रशांत पटेल बताते हुए कहा कि उसकी स्कॉलरशिप मंजूर हो गई है। इसके बाद उसने छात्रा को वॉट्सएप पर एक लिंक भेजा और उसमें जरूरी जानकारी भरने के लिए कहा।
ठग ने बैंकिंग प्रक्रिया में समस्या आने का बहाना बनाकर छात्रा से उसके पिता का मोबाइल नंबर भी हासिल कर लिया। कुछ ही देर बाद छात्रा के पिता के खाते से 90 हजार 100 रुपए निकाल लिए गए।
रकम कटने की जानकारी मिलने पर आरोपी ने दोबारा फोन किया और धमकी भरे लहजे में कहा, “उसकी किस्मत अच्छी है कि केवल 90 हजार रुपए ही गए, वरना पूरा खाता खाली कर देता।”
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि स्कॉलरशिप, नौकरी या सरकारी योजना के नाम पर भेजे गए किसी भी लिंक पर बिना सत्यापन के अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।





