छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल अटैक, कहीं हीटवेव तो कहीं बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव से लोग परेशान हैं, वहीं दक्षिणी इलाकों में बारिश और तेज आंधी के संकेत मिल रहे हैं। नौतपा के दूसरे दिन भी तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है, हालांकि उसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में 44.5 डिग्री, दुर्ग में 44.7 डिग्री, बिलासपुर में 44.5 डिग्री, अंबिकापुर में 42.4 डिग्री, पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री और जगदलपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सबसे कम अंबिकापुर में 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। प्रदेश के कई हिस्सों में ग्रीष्म लहर की स्थिति बनी हुई है। वहीं 29 मई से मौसम बदलने के संकेत हैं। विभाग ने मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है। अगले दो दिनों में कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

राजधानी रायपुर में बुधवार को भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में ग्रीष्म लहर चल सकती है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts