क्या आप भी ऐसे शेयरों की तलाश में हैं, जिनमें छप्परफाड़ मुनाफा देने का दम हो? अगर हां, तो समझ लीजिए की आपकी तलाश खत्म हो गई है. दिग्गज ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने बाजार के दो ऐसे छुपे रुस्तमों को ढूंढ निकाला है, जो आने वाले समय में पैसों की बारिश कर सकते हैं. ब्रोकरेज का मानना है कि वित्त वर्ष 2028 तक इन दोनों शेयरों के दाम में 75 फीसदी तक का उछाल आने की पूरी संभावना है और आपके लिए जैकपॉट साबित हो सकते हैं.
मोतीलाल ओसवाल ने यूनीमेक एयरोस्पेस एंड मैन्युफैक्चरिंग और सात्विक ग्रीन एनर्जी शेयर को ‘बाय’ रेटिंग दी है. दोनों ही शेयरों ने तेजी दिखानी भी शुरू कर दी है. एक हफ्ते में इनके भाव में अच्छी-खासी तेजी आई है. ब्रोकरेज का कहना है कि सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो इन दोनों ही शेयरों में जोरदार तेजी को कोई नहीं रोक सकता.
डिफेंस, एयरोस्पेस, एनर्जी और सेमीकंडक्टर सेक्टर्स में काम करने वाली कंपनी यूनीमेक एयरोस्पेस एंड मैन्युफैक्चरिंग पर मोतीलाल ओसवाल बुलिश है. कंपनी के ग्राहकों में एयरबस (Airbus) और बोइंग (Boeing) जैसे बड़े वैश्विक नाम शामिल हैं. कंपनी बड़े विमानों और इंजनों के लिए खास टूल्स बनाती है
यूनीमेक एयरोस्पेस का शेयर का भाव फिलहाल ₹1,283 है. मोतीलाल ओसवाल ने इसके लिए ₹1,530 का पहला टारगेट प्राइस दिया है. यह मौजूदा भाव से करीब 19% की बढ़त दिखाता है. लेकिन असली मज़ा इसके ‘बुल केस’ टारगेट में है. एक्सपर्ट के मुताबिक, कंपनी वित्त वर्ष 2028 तक ₹2,248 का आंकड़ा छू सकती है. यह करंट प्राइस से 75% ज्यादा है. पिछले एक महीने में इस शेयर ने 7 फीसदी रिटर्न दिया है, तो साल 2026 में शेयर की कीमत में 40 फीसदी इजाफा हो चुका है.
सात्विक ग्रीन एनर्जी में भी है दम
मोतीलाल ओसवाल ने सात्विक ग्रीन एनर्जी शेयर में पैसा लगाने की सलाह भी दी है. ब्रोकरेज ने इस शेयर का टारगेट प्राइस ₹565 रुपये रखा है. यह करंट प्राइस ₹465 से लगभग 21% ज्यादा है. वहीं, ब्रोकरेज का कहना है कि बुल केस में वित्त वर्ष 2028 तक यह शेयर ₹652 तक जा सकता है.




