खेल

FIFA वर्ल्ड कप 2026 का इंतजार खत्म, जानिए भारत में कब, कहां और कैसे देख सकेंगे लाइव मैच

फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ FIFA वर्ल्ड कप 2026 का आगाज भारतीय समयानुसार 12 जून से होने जा रहा है। अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट फीफा इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा संस्करण माना जा रहा है। पहली बार 48 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी और पूरे टूर्नामेंट में कुल 104 मैच खेले जाएंगे।

नए प्रारूप के तहत 12 ग्रुप बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक ग्रुप में चार-चार टीमें होंगी। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और तीसरे स्थान पर रहने वाली आठ सर्वश्रेष्ठ टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी। इसके बाद राउंड ऑफ 32, राउंड ऑफ 16, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

भारत में कहां देख सकेंगे मैच?

भारत में FIFA वर्ल्ड कप 2026 का सीधा प्रसारण जी एंटरटेनमेंट के नए स्पोर्ट्स चैनलों पर किया जाएगा। हिंदी कमेंट्री के साथ मैचों का प्रसारण यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 और यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 HD पर होगा। वहीं अंग्रेजी कमेंट्री सुनने वाले दर्शक यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 और यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 HD पर मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे।

टूर्नामेंट की लाइव स्ट्रीमिंग ZEE5 ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी, जहां दर्शक ऑनलाइन मैच देख सकेंगे।

फ्री में भी देख सकेंगे बड़े मुकाबले

फुटबॉल प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर यह है कि टूर्नामेंट के आठ बड़े मुकाबलों का प्रसारण दूरदर्शन के DD Sports चैनल पर भी किया जाएगा। इनमें उद्घाटन मैच, चारों क्वार्टर फाइनल, दोनों सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला शामिल हैं। इन मैचों को दर्शक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के देख सकेंगे।

12 जून से होगी शुरुआत

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 12 जून को मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। इसके बाद एक महीने तक दुनिया की शीर्ष फुटबॉल टीमें खिताब के लिए संघर्ष करेंगी। ग्रुप चरण के मुकाबले 28 जून तक चलेंगे, जबकि नॉकआउट दौर 29 जून से शुरू होगा।

20 जुलाई को होगा फाइनल

राउंड ऑफ 32 के मुकाबले 29 जून से 4 जुलाई तक खेले जाएंगे। इसके बाद राउंड ऑफ 16 के मैच 4 जुलाई से 8 जुलाई तक होंगे। क्वार्टर फाइनल 10 से 12 जुलाई के बीच आयोजित किए जाएंगे, जबकि दोनों सेमीफाइनल 15 और 16 जुलाई को खेले जाएंगे।

तीसरे स्थान के लिए मुकाबला 19 जुलाई को मियामी में होगा। वहीं FIFA वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 20 जुलाई को अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts