खेल

फीफा विश्व कप 2026 की महंगी टिकटों पर उठे सवाल, आम फैंस बोले- टूर्नामेंट अमीरों तक सीमित

फीफा विश्व कप 2026 की टिकटों की कीमतों को लेकर प्रशंसकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई फुटबॉल प्रेमियों का मानना है कि टूर्नामेंट की टिकटें इतनी महंगी हो चुकी हैं कि आम लोगों के लिए मैच देखना मुश्किल हो गया है। स्टेडियमों में बड़ी संख्या में संपन्न वर्ग और चर्चित हस्तियां नजर आ रही हैं, जिससे कई फैंस खुद को इस आयोजन से दूर महसूस कर रहे हैं।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप के पहले मुकाबले को देखने पहुंचे मेक्सिको के प्रशंसक मार्सेलो गोंजालेस ने स्टेडियम के बाहर मौजूद भीड़ को देखकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा जैसे वहां मौजूद अधिकांश लोग समाज के संपन्न वर्ग से हैं। गोंजालेस के मुताबिक, “मैं उनमें से लगभग 10 लोगों को तो पहले ही देख चुका था।”

गोंजालेस और उनके दोस्त को मैच से सिर्फ तीन दिन पहले टिकट मिली थी। उन्होंने प्रत्येक टिकट के लिए करीब 3.32 लाख रुपये (3,500 अमेरिकी डॉलर) खर्च किए। इसके बावजूद उन्हें लगा कि उन्होंने अपेक्षाकृत कम कीमत में टिकट हासिल कर ली।

मैच देखने पहुंचे 40 वर्षीय अल्फोंसो एसेवेज ने भी टिकट और स्टेडियम में वस्तुओं की ऊंची कीमतों पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि एक तरफ देश में शिक्षक वेतन और पेंशन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और किसान परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ स्टेडियम में लोग करीब 2,000 रुपये की बीयर का आनंद ले रहे हैं। उनके अनुसार, बड़ी संख्या में मैक्सिकन मूल के अमेरिकी भी मैच देखने पहुंचे हैं।

इस बीच मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने उद्घाटन मुकाबले में शामिल नहीं होने का फैसला किया। उन्हें फीफा अध्यक्ष के पास बैठने के लिए विशेष टिकट मिली थी, लेकिन उन्होंने वह टिकट एक आदिवासी एथलीट को दे दी। बताया जाता है कि उन्होंने आम प्रशंसकों के बीच रहकर स्क्रीन पर मैच देखा।

फीफा ने टिकटों की ऊंची कीमतों का बचाव करते हुए कहा है कि वैश्विक फुटबॉल कार्यक्रमों और विकास योजनाओं के लिए आवश्यक फंडिंग जुटाने में यह आय महत्वपूर्ण है। हालांकि टिकट दरों को लेकर बढ़ते विरोध के बीच अमेरिका में कानूनी कार्रवाई भी शुरू हो गई है, जिससे यह मुद्दा और चर्चा में आ गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts