अभिनेता सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान और अभिनेत्री श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें इब्राहिम पलक को पपाराजी के कैमरों से बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
इब्राहिम और पलक का नाम लंबे समय से एक-दूसरे के साथ जोड़ा जाता रहा है। हालांकि दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। इसके बावजूद दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया है, जिससे उनके डेटिंग की चर्चाएं लगातार होती रहती हैं।
मुंबई के थिएटर का बताया जा रहा वीडियो
वायरल वीडियो मुंबई के जुहू स्थित एक पीवीआर थिएटर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, दोनों फिल्म देखने पहुंचे थे। मूवी खत्म होने के बाद जब वे बाहर निकले तो वहां मौजूद पपाराजी ने उन्हें कैमरे में कैद करना शुरू कर दिया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि इब्राहिम एक कॉरिडोर से निकलकर आगे बढ़ते हैं। वे फोन पर हैं और तभी उन्हें एहसास होता है कि सामने पपाराजी हैं। इसके बाद वो फौरन पलटते हैं और सीढ़ियों के रास्ते से आगे बढ़ रहीं पलक जैसे ही गेट से अंदर आती हैं, उन्हें इब्राहिम पीछे की ओर धक्का दे देते हैं ताकि वो कैमरे से बच सकें। लेकिन यहां सब गड़बड़ हो जाता है। सामने से कैमरे में दोनों दिखे ही, बाद में पता लगता है पीछे की साइड भी कोई पपाराजी मौजूद थे और वहां वे पकड़े जाते हैं।
पलक ने भी छिपाया चेहरा
कैमरों की मौजूदगी देखकर इब्राहिम कुछ असहज नजर आए। वहीं पलक मास्क लगाए हुए दिखाई दीं और उन्होंने भी अपना चेहरा छिपाने की कोशिश की। इसके बाद वह तेजी से बेसमेंट की ओर चली गईं।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि जब दोनों अक्सर साथ दिखाई देते हैं तो रिश्ते को छिपाने की जरूरत नहीं है। वहीं कई लोगों ने पपाराजी की दखलअंदाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि सेलिब्रिटीज की निजी जिंदगी का भी सम्मान किया जाना चाहिए।





