आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला सिर्फ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की खिताबी जीत के लिए ही नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट की दो पीढ़ियों के खास पल के लिए भी चर्चा में है। फाइनल के बाद विराट कोहली और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी को लगातार दूसरा आईपीएल खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने पूरे सीजन अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा।
दो पीढ़ियों का यादगार पल
फाइनल के बाद हुए सम्मान समारोह के दौरान विराट कोहली खुद वैभव सूर्यवंशी के पास पहुंचे। आरसीबी द्वारा साझा किए गए वीडियो में विराट युवा बल्लेबाज को सफलता के बाद मिलने वाली लोकप्रियता और बाहरी दबाव से दूर रहने की सलाह देते दिखाई दे रहे हैं।
विराट ने वैभव से कहा, “यहां से ऊपर जाना। जो हुआ है मेहनत की वजह से हुआ है, आत्मविश्वास की वजह से हुआ है। कौन क्या बोल रहा है, कैसे बोल रहा है, छोड़ दे।” विराट का संदेश साफ था कि वैभव को अपने खेल और मेहनत पर ध्यान बनाए रखना चाहिए और लोगों की बातों से प्रभावित नहीं होना चाहिए।
‘एक बिहारी, सब पे भारी’ ने जीता दिल
बातचीत के अंत में विराट कोहली ने समस्तीपुर, बिहार से आने वाले वैभव का हौसला बढ़ाने के लिए मजेदार अंदाज अपनाया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “बस बैट और तुम… एक बिहारी, सब पे भारी। खत्म गेम!”
विराट की यह बात सुनकर वैभव भी मुस्कुराते नजर आए। सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब पसंद किया जा रहा है। फैंस का कहना है कि युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने का विराट का अंदाज उन्हें और खास बनाता है।
पूरे सीजन छाए रहे वैभव
महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए लगातार प्रभावशाली पारियां खेलीं और सीजन के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में शामिल रहे। यही वजह है कि फाइनल के बाद विराट और वैभव की यह मुलाकात क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।





